home page

आज के विद्यार्थी ही राष्ट्र के भविष्य निर्माता : सतीश महाना

 | 
आज के विद्यार्थी ही राष्ट्र के भविष्य निर्माता : सतीश महाना


लखनऊ, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली का प्रत्यक्ष अनुभव भी प्राप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक और राष्ट्र के भविष्य निर्माता हैं, इसलिए उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संविधान के प्रति सम्मान की भावना होना अत्यंत आवश्यक है।

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना शुक्रवार को कानपुर के विभिन्न विद्यालयों से विधानसभा भ्रमण पर आए छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं संसदीय परंपराओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से कानपुर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों विवेकानंद विद्या निकेतन इंटर कॉलेज, अशोका एजुकेशन सेंटर तथा पूर्णचंद्र विद्या निकेतन के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा का शैक्षिक भ्रमण किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यवाही, सदन की व्यवस्था तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को निकट से देखा और समझा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से आत्मीय संवाद करते हुए विधानसभा की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया तथा जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाती है तथा प्रदेश के विकास से संबंधित नीतियाँ और कानून बनाए जाते हैं।

महाना ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में जागरूकता, नेतृत्व क्षमता तथा उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच तथा निरंतर अध्ययन के महत्व के बारे में भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का आधार केवल शिक्षा नहीं, बल्कि संस्कार, परिश्रम और समाज के प्रति संवेदनशीलता भी है। इस अवसर पर विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे समेत कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन