home page

सतीश कुमार सिंह का जीवन शिक्षा और समाज सेवा को रहा समर्पित, उनकी सोच आज भी देती है प्रेरणा : शरद सिंह

 | 
सतीश कुमार सिंह का जीवन शिक्षा और समाज सेवा को रहा समर्पित, उनकी सोच आज भी देती है प्रेरणा : शरद सिंह


लखनऊ, 17 अप्रैल (हि.स.)। स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह का जीवन शिक्षा, शोध और समाज सेवा के लिए समर्पित रहा और उनकी सोच आज भी हजारों विद्यार्थियों को दिशा दे रही है। उन्होंने सीमित संसाधनों के दौर में उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने का जो संकल्प लिया, वह आज एक संस्थान के रूप में फल-फूल रहा है। उनका दूरदर्शी नेतृत्व और आध्यात्मिक दृष्टिकोण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा। संस्थान उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करता रहेगा। यह बातें शुक्रवार को संस्थान के सचिव शरद सिंह ने कही।

एसएमएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संस्थापक स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन श्रद्धा और भावपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर संस्थान के अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों ने उन्हें याद करते हुए पुष्प अर्पित किए।

वक्ताओं ने कहा कि सतीश कुमार सिंह एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी चिंतक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण वाले व्यक्तित्व थे। उन्होंने फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वर्ष 1995 में वाराणसी में एसएमएस संस्थान की स्थापना कर उन्होंने उच्च शिक्षा को नई दिशा दी, जिसके बाद 2008 में लखनऊ परिसर स्थापित हुआ।

संस्थान में स्थापित विभिन्न शोध केंद्र उनकी दूरदर्शी सोच के उदाहरण हैं। कार्यक्रम के दौरान “सुपर ब्रेनः योग और ध्यान” पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसमें मानसिक सशक्तीकरण और जीवन संतुलन पर प्रकाश डाला गया है।

पुण्यतिथि के अवसर पर संस्थान परिसर में हर्बल पौधों का रोपण किया गया और भंडारे का आयोजन हुआ। साथ ही आशियाना स्थित कुष्ठ आश्रम में भोजन वितरण कर समाज सेवा का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर संस्थान के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप