सेशेल्स गणराज्य के दौरे पर कुंवर मानवेन्द्र सिंह, उच्चायुक्त से की भेंट
लखनऊ, 12 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल इन दिनों सेशेल्स गणराज्य के दौरे पर है। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सेशेल्स के उच्चायुक्त से आत्मीय शिष्टाचार भेंट की। भेंटवार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और संसदीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली का भी भ्रमण किया। संसद भवन के सभागार में लाल कालीन, आधुनिक बैठक व्यवस्था और दीवार पर लगा सेशेल्स का राष्ट्रीय प्रतीक चिन्ह आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने वहां की संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक परम्पराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ताकामाका का 400 वर्ष पुराना फ्रेंच इतिहास चर्चा के दौरान ताकामाका का विशेष रूप से उल्लेख किया गया। ताकामाका सेशेल्स का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जो लगभग 400 वर्ष पुरानी फ्रेंच कॉलोनी के रूप में विख्यात है।
बताया जाता है कि आज भी यहाँ बड़ी संख्या में फ्रेंच मूल के परिवार निवास करते हैं, जो अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को आज भी जीवंत बनाए हुए हैं। यह क्षेत्र भारत-सेशेल्स-फ्रांस के त्रिकोणीय ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है।
सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने इस अवसर पर कहा, भारत और सेशेल्स के संबंध केवल कूटनीतिक नहीं, बल्कि दिलों के संबंध हैं। ताकामाका जैसी ऐतिहासिक विरासतें हमें साझा इतिहास की याद दिलाती हैं। इस दौरे से उत्तर प्रदेश और सेशेल्स के बीच संसदीय ज्ञान-साझाकरण और सांस्कृतिक सहयोग को नई दिशा मिलेगी। उच्चायुक्त ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश के आतिथ्य और भारत की लोकतांत्रिक विरासत की सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

