home page

सपा मुखिया अपने आरोप स़िद्ध कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा : धुन्नी सिंह

 | 
सपा मुखिया अपने आरोप स़िद्ध कर दें तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा : धुन्नी सिंह


--सपा मुखिया अखिलेश यादव पर पूर्वमंत्री धुन्नी सिंह नै छवि धूमिल करने का लगाया आरोप

फतेहपुर, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह ऊर्फ धुन्नी सिंह सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान पर भड़कते हुए एक प्रेसवार्ता कर मानहानि की चेतावनी दी और अपने ऊपर सपा मुखिया द्वारा लगाये गये आरोपों पर साक्ष्य मांगते हुए कहा कि यदि सपा मुखिया अपने आरोप सिद्ध कर दें तो मैं राजनीति से सन्यास ले लूंगा।

विगत दिनों चाय दुकानदार के साथ मारपीट के विवाद में सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा पूर्वमंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह ऊर्फ धुन्नी सिंह का नाम लेकर कई आरोप लगाये थे। चाय दुकानदार से मारपीट का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के बयान के बाद पूर्व मंत्री रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह ने तीखा पलटवार किया है।

धुन्नी सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव बिना प्रमाण के उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं जो एक बड़े नेता को शोभा नहीं देता। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनके खिलाफ कछुवा तस्करी, अवैध शराब धंधा करने जैसे अवैध कारोबार का एक भी सबूत दे दें तो वे राजनीति छोड़ देंगे। पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों के नाम जानबूझकर नहीं लिए गए, क्योंकि वे पीडीए से जुड़े हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि चाय दुकानदार के साथ विवाद पैसे के लेन-देन को लेकर हुआ था और पीड़ित ने कहीं भी उनका नाम नहीं लिया है।

खाद्य विभाग की सैंपलिंग को लेकर उन्होंने कहा कि आईजीआरएस में शिकायत के आधार पर टीम गई थी, इसे बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। धुन्नी सिंह ने कहा कि उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश पर वे सपा मुखिया को मानहानि का नोटिस भेजेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार