home page

सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में सरकार पर वार

 | 
सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में सरकार पर वार


हाथरस, 12 अप्रैल (हि.स.)। रविवार को हाथरस रोड स्थित गेस्ट हाउस में समाजवादी पार्टी विधानसभा क्षेत्र सादाबाद के सादाबाद ब्लॉक के कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के कई वरिष्ठ सपा नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में सभी नेताओं का फूल मालाओं से स्वागत किया गया, जबकि कार्यकर्ताओं को लाल अंगोछे बांटे गए।

पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को मूल मुद्दों से भटकाया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं की चर्चा के बीच किसान, छात्र तथा आम जनता की समस्याएं पीछे छूट गई हैं। अग्रवाल ने विशेष रूप से आलू किसानों को उचित मूल्य न मिलने का मुद्दा उठाया, जिससे अन्नदाता परेशान हैं। सम्मेलन में हाथरस के पूर्व प्रत्याशी रामनारायण काके और पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी भाजुद्दीन सहित कई प्रमुख नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इन नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान किया। नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि समाजवादी पार्टी 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सोच को केंद्र में रखकर सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगी। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सपा सरकार ने किसान, छात्र और समाज के हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा था। कार्यकर्ता सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और वे अभी से मैदान में उतरकर स्पष्ट बहुमत हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत शुरू करें।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना