संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की कलश यात्रा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा : अनिल दीक्षित
कानपुर, 31 जुलाई (हि.स.)। संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के आदर्श सामाजिक समरसता, समानता और मानव सेवा की प्रेरणा देते हैं। उनकी पावन कलश यात्रा के माध्यम से यह संदेश जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। यह बातें शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर के जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहीं।
भाजपा कानपुर उत्तर की ओर से आज नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की पावन कलश यात्रा को जिले के प्रत्येक मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ तक पहुंचाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कलश यात्रा के सफल संचालन के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र और प्रत्येक बूथ पर एक-एक यात्रा प्रमुख नियुक्त किया जाएगा। इनकी जिम्मेदारी यात्रा के स्वागत, आयोजन और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की होगी, ताकि संत रविदास जी का समरसता, समानता और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कलश यात्रा के लिए प्रत्येक विधानसभा में जिले के दो-दो पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कल्याणपुर विधानसभा में सीमा एमबीए और शिवांग मिश्रा, गोविंद नगर में किरण तिवारी और विनोद पाल, सीसामऊ में शालिनी कटियार और मोनेंद्र राजपूत तथा आर्य नगर में रामजी गुप्ता और सुरेंद्र गुप्ता को दायित्व दिया गया है।
बैठक में अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, धीरज बाल्मीकि, जन्मेजय सिंह, अनुराग शर्मा, वात्स्य त्रिपाठी, विजय वर्मा, रीता पासवान, प्रशांत त्रिपाठी, राधा सैनी, पूनम कंवर, सुरेश गुप्ता, प्रभाकर अवस्थी, यश जायसवाल, स्पर्श कटियार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

