पहले टी-20 मुकाबले की तैयारियों का संजय कपूर ने लिया जायजा
कानपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। कानपुर में 28 अगस्त को होने वाले पहले टी-20 मुकाबले को लेकर मैदान की तैयारियों का सोमवार को यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल के चेयरपर्सन संजय कपूर ने निरीक्षण किया। उन्होंने पिच, आउटफील्ड, जल निकासी व्यवस्था समेत मैच से जुड़ी विभिन्न तैयारियों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों और ग्राउंड स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संजय कपूर ने पिच का जायजा लिया और पिच क्यूरेटर से विकेट की स्थिति तथा मैच से पहले चल रहे कार्यों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्राउंड स्टाफ से मैदान की तैयारियों पर भी चर्चा की और निर्धारित मानकों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने को कहा।
बारिश की संभावना को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से बारिश के दौरान मैदान से पानी निकालने की क्षमता और मैदान को जल्द दोबारा खेलने योग्य बनाने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। ग्राउंड स्टाफ को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा आउटफील्ड और मैदान से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया। संजय कपूर ने कहा कि मुकाबले से पहले सभी तैयारियां निर्धारित समय में पूरी कर ली जाएं, जिससे मैच के दौरान किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
28 अगस्त को होने वाले मुकाबले को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है। लंबे अंतराल के बाद कानपुर में टी-20 मुकाबला होने से दर्शकों की निगाहें भी मैच पर टिकी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

