home page

गांववालों ने खुद संभाली सफाई की कमान, चोक नालियों से परेशान युवाओं ने किया श्रमदान

 | 
गांववालों ने खुद संभाली सफाई की कमान, चोक नालियों से परेशान युवाओं ने किया श्रमदान


गांववालों ने खुद संभाली सफाई की कमान, चोक नालियों से परेशान युवाओं ने किया श्रमदान


जौनपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर के जफराबाद थाना क्षेत्र के सिरकोनी विकासखंड स्थित कबूलपुर गांव में सफाईकर्मी के नियमित रूप से न आने से ग्रामीणों को गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा था। जिम्मेदारों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो रविवार को गांव के युवाओं ने खुद सफाई की कमान संभाल ली। युवाओं के इस प्रयास की ग्रामीणों ने सराहना की।

ग्राम पंचायत कबूलपुर में सफाई व्यवस्था के लिए एक सफाईकर्मी तैनात है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाईकर्मी के नियमित रूप से नहीं आने के कारण गांव की गलियों और रास्तों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे। नालियां भी लंबे समय से साफ नहीं होने के कारण चोक हो गई थीं। घरों से निकलने वाला गंदा पानी रास्तों पर बह रहा था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। गंदगी के कारण संक्रमण फैलने की आशंका भी बनी हुई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए ग्राम प्रधान से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसके बाद गांव के युवा अरसलान ने रविवार को खुद सफाई करने का निर्णय लिया। वह फावड़ा लेकर नाली और रास्ते की सफाई में जुट गए। अरसलान को सफाई करते देख अमन खान, रहमान खान, शाद खान और मोहम्मद समेत कई अन्य ग्रामीण भी उनके साथ जुट गए। युवाओं ने नालियों की सिल्ट और कूड़ा हटाया तथा रास्तों की सफाई की। देखते ही देखते कई लोग इस अभियान से जुड़ गए और गांव की गलियों को साफ किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी जरूरी है, ताकि गांव में दोबारा गंदगी की स्थिति पैदा न हो।

ग्राम प्रधान मोहम्मद मुजम्मिल ने बताया कि गांव में सफाईकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बरसात के कारण नियमित रूप से सफाई कराने में दिक्कत आ रही थी। रविवार को गांववालों ने स्वयं सफाई की है। अब सफाईकर्मियों को लगाकर गांव में बेहतर ढंग से सफाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि रविवार शाम तक कूड़ा हटवाकर गांव में साफ-सफाई करा दी जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव