गोवर्धन में गूंजेगा संघ का घोष; संगीतमय होगी गिरिराज जी की परिक्रमा, ब्रज प्रांत के स्वयंसेवक होंगे शामिल
मथुरा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ब्रज प्रांत की ओर से एक अनूठा और भव्य आयोजन होने जा रहा है। इसके तहत संघ के संपूर्ण घोष के पथक (टुकड़ी) के साथ गिरिराज जी की संगीतमय परिक्रमा लगाई जाएगी। इस ऐतिहासिक और अनुशासित आयोजन में ब्रज प्रांत के सभी आठों विभागों के 29 जिलों से घोष स्वयंसेवक सहभागिता करेंगे। यह अनूठा प्रयोग 25 अक्टूबर को किया जाएगा।
इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए शनिवार शाम से ही स्वयंसेवकों का गोवर्धन स्थित मुरारी वाली कुंज, सरस्वती विद्या मंदिर में पहुंचना शुरू हो गया था। कार्यक्रम की पूर्णता और दिव्यता के लिए विशेष तैयारियां की गईं। प्रांत के सह प्रचारक विनोद ने सभी घोष वादकों के वाद्य यंत्रों की बारीकी से जांच की। मथुरा के विभाग प्रचारक पारस पार्थ को सभी वादकों के अभ्यास की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने सभी वादकों को विभिन्न रचनाओं का अभ्यास कराया, जिससे परिक्रमा के दौरान सभी की लय और ताल एक साथ मिल सकें। प्रांत के घोष प्रमुख ललित ने सभी घोष वाहिनियों को क्रमबद्ध किया और यह सुनिश्चित किया कि रविवार सुबह परिक्रमा के समय कोई भी रचना अशुद्ध न बजे।
घोष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि घोष संघ के शारीरिक विभाग का एक अत्यंत आवश्यक अंग है। संघ का घोष भारत के शास्त्रीय संगीत पर आधारित है, जिसे सुनकर मन ऊर्जा और देशभक्ति की भावना से भर उठता है। इस संगीतमय और अनुशासित परिक्रमा को लेकर स्वयंसेवकों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

