home page

संगीत नाटक अकादमी प्रसिद्ध गायक मनोज गुप्ता काे करेगी सम्मानित

 | 
संगीत नाटक अकादमी प्रसिद्ध गायक मनोज गुप्ता काे करेगी सम्मानित


प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स)। उत्तर प्रदेश में संगीत का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित पुरस्कार उप्र संगीत नाटक अकादमी द्वारा दिया जाता है। यह संस्था गायन, वादन, नृत्य और नाट्य कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को ‘अकादमी पुरस्कार’ और ‘अकादमी रत्न’ से सम्मानित करती है।

इसी कड़ी में प्रयागराज के प्रतिष्ठित गायक एवं रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में संगीताचार्य के पद पर कार्यरत मृदुभाषी एवं मिलनसार मनोज गुप्ता को सुगम संगीत (गायन) के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी द्वारा अकादमी पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की गई है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि मनोज गुप्ता पिछले 38 वर्षों से विद्या भारती द्वारा संचालित रानी रेवती देवी में संगीताचार्य के पद पर सेवारत हैं। वे पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय संगीत संयोजक का दायित्व भी निभा रहे हैं। आकाशवाणी, दूरदर्शन, संस्कृति विभाग एवं उत्तर मध्य क्षेत्र संस्कृतिक केंद्र के पंजीकृत कलाकार मनोज गुप्ता ने उपराष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा, राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम एवं राष्ट्रपति कोविंद, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के समक्ष अपना गायन प्रस्तुत कर सम्मानित हुए हैं।प्रधानाचार्य ने बताया कि अपने 38 वर्षों के संगीतिक क्षेत्र का सफर तय करते हुए उन्होंने देश-प्रदेश के सभी प्रमुख महोत्सवों, शहरों एवं प्रतिष्ठित सांस्कृतिक मंचों पर अपनी यादगार प्रस्तुतियां देकर लगभग 200 से अधिक सम्मान प्राप्त किया है। वे देश के प्रमुख गायकों अनूप जलोटा, साधना सरगम, विनोद राठौड़, सुरेश वाडेकर, अनुराधा पौडवाल, मनहर उधास, पुरुषोत्तम दास जलोटा सहित कई नामचीन कलाकारों के साथ मंच प्रस्तुतियां भी साझा कर चुके हैं। उनकी इस अभूतपूर्व सफलता पर विद्या भारती के समस्त अधिकारी, पदाधिकारी, विद्यालय के छात्र-छात्राएं, प्रबंधतंत्र एवं समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रसन्नता व्यक्त कर उन्हें शुभकामनाएं प्रदान की है।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र