home page

सम्राट अशोक महान के विचार आज भी विश्व को दे रहें दिशा : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
सम्राट अशोक महान के विचार आज भी विश्व को दे रहें दिशा : केशव प्रसाद मौर्य


लखनऊ, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती के अवसर पर उन्हें विनम्र नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री ने कैम्प कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अखंड भारत की गौरवगाथा को एक विराट चेतना में रूपायित कर उसे शिखर पर प्रतिष्ठित करने वाले सम्राट अशोक महान ने अपने “धम्म” के दिव्य प्रकाश से पूरे युग को आलोकित किया। उनका जीवन त्याग, करुणा और लोककल्याण की भावना का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि कलिंग युद्ध के उपरांत सम्राट अशोक का आत्मपरिवर्तन मानवता के इतिहास की एक अद्वितीय घटना है, जहां एक विजेता ने हिंसा का मार्ग त्यागकर करुणा, शांति और सेवा का पथ अपनाया। उनके इसी परिवर्तन के कारण “धम्म” का संदेश भारत की सीमाओं से निकलकर दूर-दूर तक फैला और अनेक देशों में बौद्ध धर्म का प्रसार हुआ।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्राट अशोक द्वारा प्रसारित शांति, सह-अस्तित्व और नैतिक अनुशासन के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और संपूर्ण विश्व को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट अशोक के शासनकाल की सबसे बड़ी विशेषता उनकी जनकल्याणकारी नीतियां और सुदृढ़ न्याय व्यवस्था थी, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर गरीब और वंचितों के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाता था।

उन्होंने प्रदेशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि हम सभी सम्राट अशोक के आदर्शों से प्रेरणा लेकर एक सशक्त, समृद्ध और समरस राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग को सशक्त किया जा रहा है तथा उनके सम्मान और स्वाभिमान को नई ऊंचाइयां मिल रही हैं। इसी कारण आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन