सपा कार्यालय में मनाई गई सम्राट अशोक जयंती , विचार गोष्ठी आयोजित
जौनपुर, 26 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में गुरुवार को जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में सम्राट अशोक की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सम्राट अशोक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर याद किया।
जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने सम्राट अशोक के शासनकाल (ईसा पूर्व 269-232) को भारतीय इतिहास का स्वर्णिम युग बताते हुए कहा कि उनका शासन अखंडता, सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक रहा। जयंती समारोह के उपरांत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें सम्राट अशोक के आदर्शों को अपनाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।
विचार गोष्ठी को सांसद बाबूसिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, राजनारायण बिंद, श्रद्धा यादव, प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपचंद राम और डॉ. राजीव रत्न मौर्य सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

