home page

गंभीर खामियां मिलने पर दो खाद्य प्रतिष्ठान बंद

 | 
गंभीर खामियां मिलने पर दो खाद्य प्रतिष्ठान बंद


कानपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री तैयार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए दो किचन का कारोबार बंद कराया। टीम ने 650 खराब अंडे, 40 किलो एग करी, 250 पैक्ड प्लेट एग करी-चावल और 418 तैयार समोसे नष्ट कराए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ निर्माण व भंडारण स्थल की स्वच्छता भी अनिवार्य है। यह बातें सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने कार्रवाई के बाद कहीं।

सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने रेल बाजार क्षेत्र के दो प्रतिष्ठानों और 562 डी लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन का निरीक्षण किया। तीनों प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने लिए गए। गंभीर खामियां मिलने पर दो प्रतिष्ठानों में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।

फेथफुलगंज स्थित मेसर्स अंबर ट्रेडर्स एवं जनरल सप्लायर में मुख्य प्रवेश द्वार के पास सड़क किनारे समोसे बनते मिले। निर्माण स्थल का फर्श टूटा था और पानी भरा था। टिन की दीवारों पर धूल और चिकनाई की परत जमा थी। एग्जॉस्ट फैन नहीं मिला। पेस्ट कंट्रोल, किचन सफाई और कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड भी संचालक प्रस्तुत नहीं कर सका। कर्मचारी ग्लव्स और हेड कवर के बिना खाद्य सामग्री तैयार कर रहे थे।

टीम ने यहां मैदा, पिसी लाल मिर्च, नमक, समोसा सब्जी, सोयाबीन, रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के सात नमूने लिए। मानकों के अनुरूप स्वच्छता नहीं मिलने पर कारोबार स्थगित कराया गया और करीब 218 तैयार समोसे नष्ट कराए गए।

शेरखान क्लाउड किचन से पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने लिए गए। अस्वच्छ स्थिति मिलने पर कारोबार बंद कराया गया। यहां करीब 40 किलो एग करी और 650 खराब अंडे नष्ट कराए गए। एग करी-चावल की 250 पैक्ड प्लेटें भी नष्ट कराई गईं।

रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में भी गंदगी मिली। टीम ने समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने लिए तथा 200 तैयार समोसे नष्ट कराए। कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान को सुधार सूचना जारी करने की संस्तुति की गई।

सहायक आयुक्त ने कहा कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्माण, भंडारण और बिक्री के दौरान निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप