home page

संघर्ष से सफलता तक: संजय कुमार बने समीक्षा अधिकारी

 | 
संघर्ष से सफलता तक: संजय कुमार बने समीक्षा अधिकारी


प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स.)। गाजीपुर जिले के ग्राम पचारा निवासी संजय कुमार ने अपने अथक परिश्रम, धैर्य और अटूट संकल्प के दम पर उत्तर प्रदेश सचिवालय में समीक्षा अधिकारी (आरओ) पद हासिल कर एक नई मिसाल पेश की है। वर्तमान में प्रयागराज सीडीए पेंशन में वरिष्ठ लेखा परीक्षक के रूप में कार्यरत संजय कुमार की यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।

साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले संजय कुमार ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, बड़े भाई सुनील कुमार (उप सचिव, लोक सेवा आयोग उत्तर प्रदेश) और प्राचार्य प्रेमचंद को दिया, जिनके मार्गदर्शन ने उन्हें हर कठिन मोड़ पर संभाला। इस उपलब्धि में उनकी पत्नी अंजना कुमारी और बेटियां अंशिका, सानवी व पलक का भावनात्मक सहयोग भी अहम रहा। वहीं परममित्र अभिषेक मिश्रा (सीडीए पेंशन) ने लगातार उन्हें प्रेरित करते हुए उनके हौसले को मजबूत बनाए रखा।

सफलता के इस खास मौके पर संजय कुमार ने सोमवार को सिविल लाइंस स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर पत्नी, बच्चों और मित्रों—अभिषेक मिश्रा, शशांक मिश्रा, प्रतीक के साथ बजरंगबली का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री राकेशधर त्रिपाठी के पौत्र प्रांशु त्रिपाठी भी मौजूद रहे। संजय कुमार का मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उनका कहना है, “जीवन में चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, कभी हार नहीं माननी चाहिए। अर्जुन की तरह अपने लक्ष्य पर नजर रखकर लगातार प्रयास करते रहना ही सफलता की असली कुंजी है।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल