सपा का असली चेहरा फिर आया सामने, प्रधानमंत्री पर अमर्यादित टिप्पणी लोकतंत्र का अपमान : प्रकाश पाल
कानपुर, 11 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के हमीरपुर सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र अध्यक्ष प्रकाश पाल ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अभद्र भाषा समाजवादी पार्टी की हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। यह बातें सोमवार को कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
प्रकाश पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व स्तर पर भारत का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं और देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं, लेकिन सपा नेताओं को जनता का समर्थन और विकास रास नहीं आ रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी लगातार संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का अपमान करती रही है।
उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी “ब्रांड सपा” की सच्चाई पता है, इसलिए अब वह समाजवादी पार्टी का नाम लेने से बचते हुए “पीडीए” का सहारा ले रहे हैं। जनता समझ चुकी है कि यह केवल राजनीतिक भ्रम फैलाने का प्रयास है।
भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने कहा कि बंगाल चुनाव के बाद से सपा नेताओं को “440 वोल्ट का झटका” लगा है। लगातार राजनीतिक असफलताओं के कारण उनके नेताओं की भाषा और व्यवहार असंतुलित होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ भी सपा के अधिकृत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक शुचिता में विश्वास रखती है, जबकि समाजवादी पार्टी लगातार व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा की राजनीति कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

