सुभासपा अगर इतनी बड़ी पार्टी है तो ओम प्रकाश राजभर प्रधानमंत्री बनने का दावा करें : शिवपाल यादव
आज़मगढ़, 08 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने आज आजमगढ़ में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी बताते हुए भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। साथ ही सुभासपा के ओम प्रकाश राजभर के आजमगढ़ की सभी सीटें जीतने के दावे पर तंज कसा।
सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव आज उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में आयोजित कुश्ती समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। वे पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव के करैली के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्हाेंने सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के आजमगढ़ जिले में एनडीए के दस सीटों पर जीत के दावा पर कहा कि इतने छोटे स्तर के नेता के बयान का जवाब देना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी की बदौलत ही विधायक बने थे और आने वाले चुनाव में उन्हें इसका पता चल जाएगा। शिवपाल यादव ने कहा कि उनका कोई भरोसा नहीं है कि वे किस समय किस तरफ चले जाएं।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि सुभासपा इतनी बड़ी पार्टी है तो सीधे प्रधानमंत्री बनने का दावा करे। महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रात में महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं, लेकिन दिनदहाड़े महिलाओं का अपहरण और रेप हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति ठीक नहीं है।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले और उससे जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि इस तरह के कई मुकदमे झूठे लिखाए जाते हैं और इसमें भाजपा की भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि अब मामला कोर्ट में है और न्यायालय से ही न्याय मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान

