अमेठी : चुनाव आयोग के खिलाफ सपा का प्रदर्शन , की गयी नारेबाजी
अमेठी, 06 अक्टूबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को गौरीगंज स्थित सपा कार्यालय से हल्ला बोल प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष रामउदित यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
सपा कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘पाप का घड़ा’ लेकर भी प्रदर्शन में पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी नारेबाजी की गई। सपा जिलाध्यक्ष रामउदित यादव ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यदि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठ रहे हैं तो चुनाव आयोग को पारदर्शिता के साथ उनका जवाब देना चाहिए। जनता के वोट के अधिकार से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सपा प्रवक्ता राजेश मिश्रा एडवोकेट ने बताया कि प्रदर्शन में राम सिंह यादव, राम बौरासी पासी, शिवप्रताप यादव, गुंजन सिंह, प्रतिभा यादव, महेंद्र यादव, मनीराम वर्मा, सोनू अंसारी, राम प्रसाद यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

