समाधान दिवस में कुल 80 शिकायतों में 14 का मौके पर निस्तारण
औरैया, 17 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अजीतमल तहसील सभागार में जिला स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन साेमवार काे हुआ।इस दाैरान जिलाधिकारी बृजेश कुमार सिंह और पुलिस कप्तान अभिषेक भारती ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
दरअसल, शनिवार को 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस होने के कारण समाधान दिवस आयोजित नहीं हुआ था। नियमानुसार अगले कार्यदिवस सोमवार को जिला स्तरीय समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व, पुलिस, विद्युत, कृषि सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने पहुंचीं।
अजीतमल निवासी माधुरी देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आवास निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में एक लाख रुपये खाते में भेजे जाने का संदेश मिला था, लेकिन अभी तक धनराशि उनके खाते में नहीं पहुंची है। वहीं रतनपुर गढ़िया निवासी रुचि ने मारपीट के मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे। संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच करें और निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए और शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई से अवगत कराया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कप्तान अभिषेक भारती ने पुलिस अधिकारियों को पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से लेने, निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम निखिल राजपूत, तहसीलदार अविनाश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

