home page

साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों को मिली राहत, 1.93 लाख रुपये वापस कराए

 | 
साइबर ठगी के शिकार दो पीड़ितों को मिली राहत, 1.93 लाख रुपये वापस कराए


प्रयागराज, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में धूमनगंज थाने की पुलिस टीम साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार दो पीड़ितों के कुल 1,93,491 रुपये वापस कराने में कामयाबी पाई।

पुलिस के मुताबिक धूमनगंज थाना क्षेत्र के चक मुंडेरा निवासी अविनाश चन्द्र गुप्ता और इसी थाना क्षेत्र के अबूबकरपुर निवासी संजीव कुमार राडनी निवासी अबूबकरपुर ने शिकायत दी थी कि उनके बैंक खातों से साइबर ठगी के जरिए क्रमशः 99,999 रुपये और 93,492 रुपये निकाल लिए गए। इस संबंध में दोनों पीड़ितों ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही साइबर हेल्प डेस्क धूमनगंज ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की गई धनराशि को होल्ड करा दिया। इसके बाद 7 अप्रैल को पूरी राशि 1,93,491 रुपये दोनों पीड़ितों के खातों में वापस करा दी गई। अपनी रकम वापस मिलने पर पीड़ितों और उनके परिजनों ने पुलिस की सराहना की।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के साथ ऑनलाइन फ्रॉड होता है तो 24 घंटे के भीतर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। यदि समय अधिक हो जाए तो www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत की जा सकती है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि साइबर अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है। समय रहते सूचना देने पर ठगी गई रकम को वापस कराया जा सकता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से बचने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल