home page

आनंद विहार टर्मिनल–कामाख्या एक्सप्रेस में लापता दो नाबालिग बालिकाओं को मिला सुरक्षित संरक्षण

 | 
आनंद विहार टर्मिनल–कामाख्या एक्सप्रेस में लापता दो नाबालिग बालिकाओं को मिला सुरक्षित संरक्षण


मुरादाबाद, 30 मई (हि.स.)। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में शनिवार को टीटीई की सतर्कता से आनंद विहार टर्मिनल–कामाख्या एक्सप्रेस में यात्रा कर रही लापता दो नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित संरक्षण मिला। टीटीई स्टाफ की सतर्कता एवं संवेदनशीलता के कारण सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने शनिवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का निर्वहन करते हुए आज गाड़ी संख्या 15622 (आनंद विहार टर्मिनल–कामाख्या एक्सप्रेस) में यात्रा कर रही दो नाबालिग बालिकाओं को टीटीई स्टाफ की सतर्कता एवं संवेदनशीलता के कारण सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। गाड़ी में अपनी ड्यूटी पर मुरादाबाद मंडल के शाहजहांपुर हेडक्वार्टर के तैनात टीटीई राजेश कुमार सिंह, सचिन कुमार, वीरेन्द्र कुमार मौर्या को टिकट चेकिंग के दौरान कोच संख्या S-6 में बर्थ संख्या 73 पर दो नाबालिग बालिका नेहा (16), साहिमा (16) बिना टिकट यात्रा करती हुई मिलीं।

दोनों बालिकाएं गुमसुम सीट पर बैठीं थी तथा कोई टिकट नहीं था, तब पूछताछ के दौरान बालिकाओं द्वारा संतोषजनक जानकारी न दिए जाने पर टीटीई स्टाफ को संदेह हुआ। आगे की पूछताछ एवं बालिकाओं के परिजनों से संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि दोनों बालिकाएं पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थीं तथा उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना मधु विहार, दिल्ली में दर्ज कराई गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीटीई स्टाफ द्वारा तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित किया एवं आरपीएफ तथा चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई।

गाड़ी के सीतापुर स्टेशन पहुंचने पर दोनों बालिकाओं को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, सीतापुर पर पहुंचाकर चाइल्ड हेल्पलाइन, सीतापुर के प्रतिनिधियों आशीष मिश्रा एवं प्रीति यादव की उपस्थिति में आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर सुपुर्द कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल