home page

औरैया में साध्वी निरंजन ज्योति के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब

 | 
औरैया में साध्वी निरंजन ज्योति के आगमन पर उमड़ा जनसैलाब


औरैया, 20 मार्च (हि. स.)। जनपद में साध्वी निरंजन ज्योति के प्रथम आगमन पर शुक्रवार अपराह्न 4 बजे भव्य स्वागत किया गया। भारत सरकार में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार जिले में पहुंचीं। उनके स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया के नेतृत्व में जिले की सीमा से लेकर शहर के विभिन्न स्थानों तक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडी समिति के सामने भाजपा नेता नितिन अवस्थी के नेतृत्व में भी एक बड़ा स्वागत कार्यक्रम हुआ, जहां भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर साध्वी निरंजन ज्योति ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतना बड़ा संवैधानिक दायित्व देना सरकार की सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्ष 2018 में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, जो एक ऐतिहासिक कदम था। साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश की कानून व्यवस्था को कोई नहीं भूल सकता, जब दंगे और अव्यवस्था का माहौल बना रहा।

उन्होंने नागरिकों से देश की प्रगति में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया और कहा कि सभी को अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। साथ ही धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी की आस्था का अपमान करना उचित नहीं है।

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार