home page

सब इंस्पेक्टर पेपर में आए प्रश्न पर आपत्ति जता प्रतिनिधि ने सौंपा ज्ञापन

 | 
सब इंस्पेक्टर पेपर में आए प्रश्न पर आपत्ति जता प्रतिनिधि ने सौंपा ज्ञापन


सब इंस्पेक्टर पेपर में आए प्रश्न पर आपत्ति जता प्रतिनिधि ने सौंपा ज्ञापन


उन्नाव, 15 मार्च (हि.स.)। यूपी पुलिस की सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के एक सवाल को लेकर प्रदेश भर में सोशल मीडिया मे विरोध के साफ देखा जा रहा है। कई जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस संदर्भ में मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया है। इसी क्रम में जनपद में परीक्षा के प्रश्नपत्र में पूछे गए एक सवाल में विकल्प के तौर पर “पंडित” शब्द शामिल किए जाने पर आपत्ति जताते हुए संदेश फाउंडेशन के संस्थापक और नगर पालिका गंगाघाट अध्यक्ष के पति/ प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा और गंगाघाट कोतवाली प्रभारी से मुलाकात कर मामले को गंभीरता से उठाया।

उन्होंने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न पूछा गया था— “अवसर देखकर बदल जाने वाले व्यक्ति को क्या कहते हैं?” — और इसके विकल्पों में “पंडित” शब्द शामिल किया गया था। उनका कहना है कि यह शब्द समाज में एक सम्मानित पहचान से जुड़ा है और इस तरह के संदर्भ में उसका प्रयोग लोगों की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने प्रशासन को दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि इस तरह के सवाल से समाज के एक वर्ग की गरिमा पर सवाल खड़े होते हैं और इससे अनावश्यक विवाद की स्थिति पैदा हो सकती है। उनका कहना है कि इस प्रकार के प्रश्न तैयार करने के पीछे लापरवाही या किसी साजिश की भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रश्नपत्र तैयार करने और उसे मंजूरी देने की प्रक्रिया की जांच कराई जाए। साथ ही जो भी लोग इसके लिए जिम्मेदार पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और आवश्यक हो तो उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने। संदीप पांडेय ने यह भी कहा कि किसी भी भर्ती परीक्षा में इस्तेमाल होने वाली भाषा बेहद संवेदनशील और संतुलित होनी चाहिए, क्योंकि ऐसे प्रश्नपत्र लाखों अभ्यर्थियों तक पहुंचते हैं और समाज पर व्यापक प्रभाव डालते हैं। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को देखने का आश्वासन दिया है। अधिकारियों का कहना है कि प्रकरण की जानकारी संबंधित स्तर तक पहुंचाई जाएगी और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरुण कुमार दीक्षित