home page

बिजली पानी के साथ ग्रामीण क्षेत्र की चक्कियां बंद, आटे का संकट

 | 
बिजली पानी के साथ ग्रामीण क्षेत्र की चक्कियां बंद, आटे का संकट


हमीरपुर 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में तूफान के बाद ध्वस्त हुई बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होने से सोमवार को ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के साथ आटा का संकट गहराने लगा है। विद्युत विभाग चंद कर्मियों के सहारे मरम्मत कार्य कर रहा है। इससे आपूर्ति में देरी हो रही है।

सुमेरपुर कस्बा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार की रात आए भयंकर तूफान ने भारी तबाही मचाई थी। तूफान के कारण सुमेरपुर विकासखंड क्षेत्र में 1700 विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हुए है। विभाग को करीब सवा करोड़ की चपत लगी है। कस्बे में अभी तक इमिलिया थोक एवं धर्मेश्वर बाबा मोहाल की आपूर्ति नहीं बहाल हो सकी है। अवर अभियंता कार्तिकेय त्रिपाठी ने बताया कि कार्य कराया जा रहा है। सोमवार शाम तक दोनों मोहल्ले में आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी। सबसे बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों का है। ब्लॉक के 57 ग्राम पंचायत को विद्युत सब स्टेशन सुमेरपुर द्वितीय, विदोखर, छानी, पौथिया, चन्दोखी, टेढ़ा,पारा रैपुरा से सप्लाई दी जाती है। रविवार को टेढ़ा एवं पारा रैपुरा सब स्टेशन के आपूर्ति बहाल हो गई है। लेकिन इन सब स्टेशनों से जुड़े गांव की आपूर्ति सोमवार को भी नहीं बहाल हो सकती है। इसी तरह भी विदोखर, सुमेरपुर द्वितीय, पौथिया, चन्दौखी सब स्टेशन तक सोमवार को भी बिजली नहीं पहुंच सकी है। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी के साथ कल कारखाने ठप होने से आटा का संकट गहराने लगा है। ग्रामीण गेहूं पीसने के लिए सुमेरपुर,मौदहा, छानी, बिवांर आदि जगहों पर जा रहे हैं। विद्युत वितरण उपखंड के एसडीओ एमपी सिंह ने सोमवार को बताया कि सुमेरपुर द्वितीय एवं भी विदोखर सब स्टेशन की आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किए जा रहे हैं। टेढ़ा एवं पारा रैपुरा पावर हाउस से जुड़े गांवों की आपूर्ति बहाल करने के लिए लाइनों को दुरुस्त कराया जा रहा है। हाई टेंशन लाइन के ज्यादातर पोलों के ध्वस्त होने से लाइन ठीक करने में समय ज्यादा लग रहा है। फिर भी उनका प्रयास है कि अगले दो दिनों में ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति को पटरी पर ला दिया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा