home page

गंगा संरक्षण के लिए ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन का कार्य हाेगा तेज : जिलाधिकारी

 | 
गंगा संरक्षण के लिए ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन का कार्य हाेगा तेज : जिलाधिकारी


कानपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। गंगा में प्रदूषण रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले नालों की टैपिंग और शोधन का काम तेज किया जाएगा। ड्रोन सर्वे में चिह्नित नालों के शोधन के लिए तीन स्थानों पर वेटलैंड विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है। यह बातें गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ने समिति की मासिक समीक्षा बैठक में कहीं।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में हुई बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की ओर से कराए गए ड्रोन सर्वे के आधार पर चिह्नित ग्रामीण नालों की टैपिंग और शोधन की स्थिति की समीक्षा की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जल निगम शहरी एवं ग्रामीण के सहयोग से तीन स्थानों का चयन कर वेटलैंड निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। प्रस्ताव को बजट स्वीकृति के लिए राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा।

बैठक में जिला गंगा योजना के प्रारूप का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपने विभाग से संबंधित कार्यों की निर्धारित टाइमलाइन का सत्यापन करने और जरूरी डेटा पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद जिला गंगा योजना का अंतिम ड्राफ्ट अनुमोदन और क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन को भेजा जाएगा।

उन्होंने कहा कि गंगा संरक्षण से जुड़ी योजनाओं में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे कराएं। ग्रामीण नालों के शोधन से जुड़े प्रस्तावों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

बैठक की पूर्व सूचना के बावजूद नगर निगम के सक्षम अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर नगर आयुक्त को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर आयुक्त को इस संबंध में पत्र भेजने को कहा।

जिलाधिकारी ने अटल घाट पर गंगा आरती और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े लंबित कार्यों को भी जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी जिला गंगा समिति सहित समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप