home page

आरटीओ के औचक निरीक्षण से एआरटीओ कार्यालय में मचा हड़कंप, बाहर की दुकानें बंद

 | 
आरटीओ के औचक निरीक्षण से एआरटीओ कार्यालय में मचा हड़कंप, बाहर की दुकानें बंद


आरटीओ के औचक निरीक्षण से एआरटीओ कार्यालय में मचा हड़कंप, बाहर की दुकानें बंद


जौनपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। मीरजापुर के आरटीओ उदयवीर सिंह ने शनिवार दोपहर एक बजे जौनपुर के एआरटीओ कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। आरटीओ के अचानक पहुंचते ही कार्यालय परिसर में हलचल मच गई। निरीक्षण की सूचना मिलते ही कार्यालय के बाहर संचालित कई दुकानें बंदकर दुकानदार भाग खड़े हुए।

आरटीओ उदयवीर सिंह ने कहा कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर कार्यालयों का नियमित अंतराल पर निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को परिवहन विभाग की योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय से दिलाना है। उन्होंने कहा कि विभाग और जनता के बीच जो भी कमियां हैं, उन्हें चिन्हित कर दूर किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जहां निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली के साक्ष्य मिल रहे हैं, वहां कार्रवाई की जा रही है। विगत दिनों भी कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि एआरटीओ कार्यालय में निर्धारित शुल्क की रेट सूची और चार्टर शनिवार शाम तक चस्पा करा दिया जाएगा।मोटर ट्रेनिंग सेंटरों पर अधिक शुल्क वसूली की शिकायत पर आरटीओ ने जांच कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिकायत सही मिलने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

बाहर की दुकानें बंद होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह संबंधित लोगों का व्यवसाय है, इसलिए उनके व्यवसाय पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग से जुड़ी शिकायतों पर जरूर कार्रवाई की जाएगी।

आरटीओ ने बताया कि एआरटीओ कार्यालय को शासकीय भवन में स्थानांतरित किया जा रहा है। करीब एक से डेढ़ माह में कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित हो जाएगा। नए भवन में पर्याप्त जगह होने से व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है। ट्रेनिंग सेंटरों की शिकायतों की भी जांच कराई जाएगी।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव