home page

आरटीओ कार्यालय में कथित धनउगाही का आरोप, पांच ट्रेलर खड़े कर ट्रक मालिक ने किया प्रदर्शन

 | 
आरटीओ कार्यालय में कथित धनउगाही का आरोप, पांच ट्रेलर खड़े कर ट्रक मालिक ने किया प्रदर्शन


जौनपुर,21 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में आरटीओ कार्यालय में वाहनों के रजिस्ट्रेशन के नाम पर कथित धन उगाही का मामला सामने आया है। शुक्रवार को मड़ियाहूं निवासी ट्रक मालिक विनय कुमार सिंह ने अपनी पांच ट्रेलर गाड़ियां आरटीओ कार्यालय के मुख्य गेट पर खड़ी कर करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यालय में तैनात बाबू गणेश मिश्रा पर प्रत्येक गाड़ी के रजिस्ट्रेशन के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया।

विनय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि उन्होंने करीब तीन करोड़ रुपये की पांच ट्रेलर गाड़ियां खरीदी हैं। उनकी गाड़ियां पिछले चार दिनों से आरटीओ कार्यालय में खड़ी हैं। आरआई द्वारा वाहनों की माप आदि की प्रक्रिया पूरी कर उन्हें ‘ओके’ कर दिया गया, लेकिन इसके बाद भी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई गई। आरोप है कि बाबू की ओर से प्रत्येक वाहन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है।

ट्रक मालिक ने कहा कि वाहनों के खड़े रहने से उन्हें बैंक की किश्त का नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टैक्स और निर्धारित शुल्क के अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐसी परेशानियों के कारण जौनपुर के कई वाहन मालिक अपने वाहनों का पंजीकरण बिहार में कराने को मजबूर हो रहे हैं।

इस मामले में जानकारी लेने पर आरआई अशोक यादव ने बताया कि बाबू गणेश मिश्रा हाईकोर्ट गए हुए हैं। उनके स्थान पर दूसरे बाबू को नामित कर वाहनों का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के बाद ट्रक मालिक ने गाड़ियां वहां से हटा लीं। साथ ही पैसे मांगने के आरोपों की जांच कराए जाने की बात कही। आरटीओ कार्यालय में लगाए गए धनउगाही के आरोपों की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव