home page

कृषि विश्वविद्यालय में आरएसएस का युवा संवाद, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर

 | 
कृषि विश्वविद्यालय में आरएसएस का युवा संवाद, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर


बांदा, 17 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बांदा के तत्वावधान में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज, विशिष्ट अतिथि डॉ. एन.के. बाजपेयी तथा अध्यक्ष जिला संघचालक सुरेंद्र ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन और दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ।

मुख्य अतिथि मनोज ने युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा और उसके विभिन्न सामाजिक कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत युवा राष्ट्र है और देश की बड़ी आबादी युवाओं की है। युवाओं की सकारात्मक सोच, अनुशासन और समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पण देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।

उन्होंने छात्राओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि भारत की परंपरा में महिलाओं ने सदैव समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर और रानी लक्ष्मीबाई जैसी ऐतिहासिक महिला व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए युवाओं को उनके योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

मनोज ने संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार की दूरदर्शी सोच के आधार पर संघ निरंतर समाज संगठन और राष्ट्र निर्माण के कार्य में जुटा है। उन्होंने संघ द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्र के प्रति समर्पण का स्वरूप बदल रहा है और युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

विशिष्ट अतिथि डॉ. एन.के. बाजपेयी ने कहा कि भारत को शक्तिशाली राष्ट्र बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना होगा। जिम्मेदार नागरिक ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सामाजिक परिवर्तन में सक्रिय योगदान देने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने छात्रों द्वारा संघ, समाज और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विभाग संपर्क प्रमुख जगन्नाथ, जिला प्रचारक अनुराग, सह नगर कार्यवाह मानवेंद्र, नगर प्रचारक ओम, विमर्श प्रमुख रामकिशोर, डॉ. अशोक परिहार, डॉ. विज्ञा मिश्रा, डॉ. ऋषि रंजन सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अभिमन्यु जायसवाल ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह