भारत जैसी कुटुम्ब व्यवस्था दुनिया के किसी भी देश में नहीं: ओमपाल सिंह
--प्रयागराज के गोविंदपुर में कुटुम्ब प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित, संयुक्त परिवार पर जोर
प्रयागराज, 05 अप्रैल (हि.स.)। भारत जैसी कुटुम्ब व्यवस्था दुनिया के किसी भी देश में नहीं है। समाज और देश को मजबूत बनाने के लिए संयुक्त परिवार का मजबूत होना बेहद जरूरी है। उक्त बातें प्रयागराज के गोविन्दपुर में स्थित श्रीराम पार्क में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता उत्तर प्रदेश एवं उत्तरांचल के संयुक्त कुटुम्ब संयोजक ओमपाल सिंह ने कही।
उन्होंने आगे कहा कि कुटुम्ब प्रबोधन गतिविधि का उद्देश्य समाज में वैचारिक परिवर्तन कर एकल परिवार के स्थान पर संयुक्त परिवार की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि संयुक्त परिवार विकसित करने के लिए घर के भीतर मित्र भाव होना चाहिए और इसके लिए समाज में अधिक से अधिक कुटुम्ब मित्र तैयार करने होंगे। विशिष्ट वक्ता पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के कुटुम्ब संयोजक अशोक उपाध्याय ने कहा कि यदि परिवार विखंडित हुआ तो भारत भी विखंडित हो जाएगा। संयुक्त परिवार व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लोगों की सोच बदलनी होगी। संगठन की योजना है कि 10 परिवारों पर एक कुटुम्ब मित्र बनाया जाए, जिसे सफल बनाने में सभी के सहयोग की आवश्यकता है।
काशी प्रांत के प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. मुरारजी त्रिपाठी ने कहा कि परिवार पूरे राष्ट्र की आधारशिला है। परिवार मजबूत होगा तो समाज मजबूत होगा और समाज मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी सभ्यता के अंधानुकरण के कारण एकल परिवार बढ़ रहे हैं, जबकि विदेशों में भी परिवार बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कुटुम्ब सभा और कुटुम्ब मित्र बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. सरिता श्रीवास्तव ने की। उन्होंने कहा कि विखंडित होते परिवारों के लिए हम सभी जिम्मेदार हैं और संयुक्त परिवार के लिए सभी को मिलकर पहल करनी होगी। कार्यक्रम का विषय “विकसित दिखता भारत, खंडित होता परिवार” रहा, जिसमें संयुक्त परिवार व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में रामायण और महाभारत पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्ष 1990 की कार सेवा में भाग लेने वाले सीताशरण शास्त्री, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, विंध्यवासिनी त्रिपाठी, सूर्य सिंह सहित कई लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर संघ चालक रामकृष्ण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

