home page

व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है संघ : भवानी भीख

 | 
व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है संघ : भवानी भीख


कानपुर, 27 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पिछले 100 वर्षों से व्यक्ति निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है। संघ शाखा के जरिए समाज में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और समर्पण की भावना विकसित की जा रही है। यह बातें बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कानपुर प्रांत संघचालक भवानी भीख तिवारी ने कहीं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत कैलाश सरस्वती इंटर कॉलेज, कल्याणपुर के सभागार में शिक्षाविदों के मध्य प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य और शिक्षक उपस्थित रहे। संगोष्ठी की अध्यक्षता कॉलेज के निदेशक डॉ. प्रेम चंद्र अग्निहोत्री ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत संघचालक भवानी भीख तिवारी तथा द्वितीय प्रमुख वक्ता के रूप में प्रांत प्रमुख विमर्श ओमेन्द्र ‘भारत’ मौजूद रहे।

भवानी भीख तिवारी ने अपने संबोधन में संघ की 100 वर्षों की यात्रा, शाखा पद्धति और समाज जीवन में संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं और विभिन्न सामाजिक आयामों के माध्यम से समाज के बीच कार्य कर रहे हैं। उन्होंने संघ के सेवा, संस्कार और संगठन आधारित कार्यों को राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव बताया।

वहीं ओमेन्द्र ‘भारत’ ने वर्तमान सामाजिक चुनौतियों और ‘स्व का बोध’ विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने भारतीय ज्ञान-विज्ञान की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत प्राचीन काल से विज्ञान, खगोल और गणित के क्षेत्र में समृद्ध रहा है। उन्होंने ऋषि भास्कराचार्य और लीलावती का उदाहरण देते हुए भारतीय बौद्धिक परंपरा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत पर गर्व करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहे डॉ. प्रेम चंद्र अग्निहोत्री ने सभी शिक्षाविदों का आभार व्यक्त किया और समाज में सकारात्मक विचारों के प्रसार की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में शिक्षक नेता वेणु रंजन भदोरिया, बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजमोहन सिंह, परमानंद शुक्ला, राम बहादुर पाल, अजय पांडे समेत बड़ी संख्या में शिक्षाविद मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप