home page

हेडगेवारजी का बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज एक विशाल वटवृक्ष : महेन्द्र कुमार

 | 
हेडगेवारजी का बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज एक विशाल वटवृक्ष : महेन्द्र कुमार


मुरादाबाद, 05 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा अपने शताब्दी वर्ष (2025-26) के उपलक्ष्य में रविवार को पंचायत भवन में एक प्रमुखजन गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी के मुख्य वक्ता क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र कुमार ने अपने सम्बोधन में संघ की शताब्दी यात्रा और उसकी उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा बोया गया राष्ट्रवाद का बीज आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुका है।

क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र कुमार ने कहा कि संघ आज न केवल भारत में, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी सेवा के विविध आयाम स्थापित कर रहा है। इसके विभिन्न आनुषंगिक संगठन निरंतर राष्ट्र निर्माण और लोक कल्याण के कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने आगे कहा संघ को समझना है तो संघ में प्रवेश करना पड़ेगा। साथ ही हिंदुत्व की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के अनुसार, हिंदुत्व भारत की जीवन शैली और संस्कृति की पहचान है, यह किसी पूजा पद्धति का नाम नहीं है।

महेन्द्र कुमार ने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दल संघ के बारे में भ्रम फैलाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ में महिलाओं की सहभागिता अलग व्यवस्थाओं के माध्यम से होती है और कार्यपद्धति में राष्ट्र चिंतन समान रूप से रहता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पद्मश्री चिरंजी लाल यादव ने कहा कि संघ नवयुवकों को भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी भावना और नागरिक कर्तव्यों के पालन की प्रेरणा दे रहा है, जो अत्यंत अनुकरणीय है।

इस अवसर पर विभाग संघचालक सुरेंद्रपाल सिंह, विभाग प्रचारक बृजमोहन, महानगर संघचालक डॉ. विनीत गुप्ता, विभाग प्रचार प्रमुख डॉ. पवन कुमार जैन, महानगर कार्यवाह विपिन चौधरी, वरिष्ठ प्रचारक मनीराम, अनुज कुमार, प्रमोद जोशी, शरद जैन, नमन अग्रवाल, नवल वार्ष्णेय, अनिल कुमार जैन, नीलम जैन, समीर जैन, डॉ. विशेष गुप्ता, दुष्यंत बाबा, उमेश त्रिवेदी, डॉ. गोविंद नौनियाल, डॉ. विनोद पांडे सहित शहर के साहित्यकार, चिकित्सक, अधिवक्ता, शिक्षाविद एवं विभिन्न सामाजिक व आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रमुखजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल