आर एस वर्मा को लोक प्रशासन एवं समाज सेवा के क्षेत्र में मिला भारत प्रतिभा सम्मान
प्रयागराज, 20 अप्रैल (हि.स)। भारत प्रतिभा सम्मान परिषद ने 05 हजार से अधिक प्राप्त आवेदन पत्रों में से कई स्तर पर स्क्रूटनी कर फिर विशिष्ट विशेषज्ञों की राष्ट्रीय जूरी द्वारा समीक्षा के उपरांत, भारत प्रतिभा सम्मान परिषद ने कुल 30 नामों की सूची को अंतिम रूप से पुरस्कृत होने के लिए अनुमोदित किया। इस सूची में प्रयागराज से पूर्व मडलायुक्त डॉ. राम सरन वर्मा को सूची में द्वितीय स्थान पर चुना गया।
यह जानकारी आर एस वर्मा ने देते हुए बताया कि आज सोमवार को एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर, संसद मार्ग, नई दिल्ली में सम्पन्न प्रतिभा सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि विजेंद्र गुप्ता अध्यक्ष, दिल्ली विधान सभा, विशिष्ट अतिथि पद्मविभूषण सोनल मानसिंह पूर्व सांसद राज्य सभा एवं डॉ प्रदीप राय चेयरमैन इंडिया लीगल ऐड सेंटर की उपस्थिती में लगभग 300 लोगों से भरे हाल में डॉ आर एस वर्मा (से नि) को मुख्य अतिथि ने मेडल एवं साइटेशन देकर “लोक प्रशासन एवं सामाजिक सेवा“ के क्षेत्र में ’भारत प्रतिभा सम्मान 2026’ प्रदान किया।
उन्होंने बताया कि आज इस प्रतिभा सम्मान समारोह कुल 30 लोगों को अवार्ड दिए गए, जो 18 विभिन्न राज्यों से आते हैं। उत्तर प्रदेश से कुल 03 को भारत प्रतिभा सम्मान मिला, कुल 08 महिलायें भी पुरस्कार पाने वालों में शामिल रही।
उल्लेखनीय है कि, वर्मा को अपने सेवाकाल में दो बार 1981 एवं 2002 में उत्कृष्ट सेवा और अदम्य उत्साह से कार्य करने के लिए राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित किया गया है। साथ ही 2002, 2004, 2005 में उत्तर प्रदेश में पूर्व सैनिकों, विकलांग सैनिकों और वॉर विडोज की सेवा के लिए पूरे प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी के रूप में योगदान कार्य के लिए उन्हें उत्तर प्रदेश सरकार ने 03 बार फ्लैग डे अवार्ड प्रदान किया। उन्हें वर्ष 2006-07 में प्रदेश में साक्षरता कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए भी सम्मानित किया गया है। साथ ही राज्य स्तर, एक बार परिवार नियोजन और 1989 के कुम्भ मेले में उत्कृष्ट कार्य के लिए भी पुरस्कार प्रदान किया गया है।
सेवानिवृति के बाद उन्हें पुनः शासन ने उच्च न्यायालय से परामर्श कर जज (प्रेसाईंडिंग आफिसर) लेबर कोर्ट बनाया गया। अब वे 14 वर्षो से, अध्यक्ष गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफ़ेयर एसोसिएशन के रूप में कार्य कर रहे हैं। साथ ही उपाध्यक्ष-वाइस चेयरमैन “उ.प्र. अपराध निरोधक समिति“ के दायित्वों को भी पिछले 10 वर्षो से सफलतापूर्वक सम्भाल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

