home page

आरपीएल आधारित कृषक प्रशिक्षण का शुभारंभ

 | 
आरपीएल आधारित कृषक प्रशिक्षण का शुभारंभ


जौनपुर,20 अगस्त(हि.स.)। यूपी के जौनपुर में कृषि विभाग द्वारा गुरुवार को कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना अंतर्गत जिले के किसानों के लिए विशेष आरपीएल (रिकॉग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग) आधारित कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 20 अगस्त से 1 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा, ब्लाॅकवार प्रत्येक प्रशिक्षण दो दिनों का होगा इसमें किसानों को उन्नत कृषि तकनीकी, फसल संरक्षण, बीज चयन, मृदा परीक्षण, जल प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, कृषि उपकरणों का उपयोग और विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

इस संबंध में जानकारी देते हुए उप परियोजना निदेशक (आत्मा) डाॅ. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि प्रशिक्षित किसानों को भविष्य में कृषि आधारित योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिभागी किसान दो दिन प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। उन्हें प्रशिक्षण प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाएगा उन्होंने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने में सहायक होंगे। यह कार्यक्रम किसानों के लिए एक सुनहरा मौका है जो उनकी खेती को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने जनपद के किसानों से प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. कंचन द्वारा किसानों को संतुलित थाली के संबंध में बताया कि आप किचन गार्डन तैयार कर कम लागत में बेहतर लाभ लेकर के अपनी समृद्धि कर सकते हैं। कृषि वैज्ञानिक डाॅ. रत्नाकर पांडेय द्वारा बीज उत्पादन, श्री अन्य की खेती की जानकारी दी गई। डॉ. राजीव सिंह कृषि वैज्ञानिक द्वारा सब्जियों, फलों एवं फूलों की उन्नतशील खेती की तकनीकी जानकारी दी गई। इस मौके पर डाॅ. रुपेश सिंह, डाॅ. हरिओम वर्मा, विषय वस्तु विशेषज्ञ अशोक पाल, बीटीएम राजकुमार भारती सहित 110 किसान मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव