home page

तेज धूप और लू से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए सरकार: पवन भाई गुप्ता

 | 
तेज धूप और लू से बचाव के लिए जरूरी कदम उठाए सरकार: पवन भाई गुप्ता


लखनऊ, 21 अप्रैल (हि.स.)। रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने सरकार से मांग की है कि वह लोगों को धूप और लू से बचाने के लिए तेज कदम उठाए।

उन्होंने मंगलवार को अपने एक बयान में कहा कि जिस प्रकार से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है और पारा 42 डिग्री को भी पार कर चुका है, ऐसे में इस बार तापमान में बदलाव परेशान करने वाला है। बच्चों के स्कूल अभी एक माह तक चलने हैं और इस चिलचिलाती धूप में उन्हें परेशानी हो रही है। ऐसे में प्रदेश के सभी बोर्ड के स्कूल का समय बदला जाना चाहिए। हालांकि सरकार ने अभी बेसिक शिक्षा स्तर के स्कूलों का ही समय बदला है।

आरपीआई (आ.) के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चिड़ियाघर में वन्य जीवों को गर्मी से बचाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बदलते मौसम से अस्पतालों में मरीज आ रहे हैं, वहां की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है। ओपीडी में डाक्टरों को अधिक मरीज देखने पड़ रहे हैं और दवाइयाँ भी नहीं मिल पा रही हैं। मौसम जनित बीमारियों से बचाव के लिए सरकार को अस्पतालों पर ध्यान देने की जरूरत है। बेड बढ़ाए जाएं, दवाएँ मुहैया कराई जाएं। इस मौके पर भी श्री गुप्ता ने विकास नगर अग्निकाण्ड पीड़ितों को सरकारी मदद देने की माँग की है।

पवन भाई गुप्ता ने कहा कि धूप और लू से बचाव से इसी प्रकार की व्यवस्था गेहूँ खरीद केन्द्रो पर करनी होगी जहां किसान अपनी उपज बेचने के लिए आ रहा है। उसे कोई भी सहूलियत नहीं मिल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही उनकी पार्टी का एक डेलिगेशन खरीद केन्द्रों की हकीकत जानने के लिए दौरा करेगा और फिर सरकार को जमीनी हकीकत का आईना दिखाया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा