home page

हाई कोर्ट के विकास नगर अग्निकाण्ड मामले में दिए निर्णय का आरपीआई (आ.) ने किया स्वागत,जताई न्याय की उम्मीद

 | 
हाई कोर्ट के विकास नगर अग्निकाण्ड मामले में दिए निर्णय का आरपीआई (आ.) ने किया स्वागत,जताई न्याय की उम्मीद


लखनऊ, 23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर अग्निकाण्ड को लेकर हाई कोर्ट के सख्त रूख का रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया (आ.) ने स्वागत किया। पार्टी ने उम्मीद जताई कि अग्निकाण्ड के पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सकेगा। हाई कोर्ट ने प्रदेश के राहत आयुक्त को भी अग्निकाण्ड मामले की जाँच के निर्देश दिए हैं।

रिपब्लिकन पार्टी आफ इण्डिया (आठवले) के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने इस संबंध में गुरुवार को कहा कि वह पहले से ही इस मामले की उच्च स्तरीय जाँच की माँग पहले से ही कर रहे थे। अब उम्मीद है कि पीड़ितों को न्याय मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी जा रही मदद नाकाफी है। उन्होंने स्वैच्छिक संगठनों और आम जनता से पीड़ित परिवारों की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।

पवन भाई गुप्ता ने कहा कि अब हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद भी जाँच में लीपा-पोती न की जाए और पारदर्शी प्रक्रिया से जाँच आगे बढ़ी, तो सब दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा और न्याय की उम्मीद लगाए पीड़ितों के आँसू पोछे जा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि विकास नगर क्षेत्र टेडी पुलिया के पास झुग्गी बस्ती में 15 अप्रैल को आग लग गई थी। इसमें करीब 1000 से अधिक छोटे-छोटे घर जलकर नष्ट हो गए थे। यह जमीन लोक निर्माण विभाग की बताई जा रही है और 20 साल से हजारों लोग यहां घर (झोपड़ी) बनाकर रह रहे थे।

विकास नगर अग्निकाण्ड पीड़ितों के लिए आरपीआई (आ.) के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर कार्यकर्ता राहत कार्यों में जुटे हुए हैं और कई दिनों तक खाना-पानी आदि राहत सामग्री पहुँचाया। इस अग्निकांड में एक सप्ताह बाद भी अभी बहुत सारे सवाल अनुत्तरित बने हुए हैं। पवन भाई गुप्ता ने उम्मीद जताई कि हाई कोर्ट के दखल के बाद अब शायद उन सवालों का जवाब मिल सके और मानवता के लिए मदद का रास्ता खुल जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा