home page

आरपीएफ ने ट्रेन से गायब बैग में रखा 5.56 लाख का सामान 24 घंटे में लौटाया

 | 
आरपीएफ ने ट्रेन से गायब बैग में रखा 5.56 लाख का सामान 24 घंटे में लौटाया


बाराबंकी, 30 अप्रैल (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा बल(आरपीएफ) की तत्परता से ट्रेन में गलती से बदले गए 5 लाख 56 हजार रुपये के जेवरात, नकदी और कपड़ों से भरे बैग उनके असली मालिकों को लौटा दिए गए। आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल तथा अपराध शाखा लखनऊ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ लखनऊ अरुण त्रिपाठी ने गुरुवार को बताया कि 29 अप्रैल को सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15203 बरौनी-लखनऊ एक्सप्रेस के कोच एस/3, सीट 19 पर यात्रा कर रही महिला यात्री सुप्रिया शबनम पत्नी मनोज कुमार ठाकुर, निवासी विकास नगर, लखनऊ का लाल बैग बुढ़वल स्टेशन पर बदल गया है। बैग में कीमती जेवरात, कपड़े और नकदी थी।

जांच में सामने आया कि उसी कोच में सीट 17, 18 और 20 पर देवरिया से बुढ़वल तक सफर कर रहे सहयात्रियों ने उतरते समय भूलवश सुप्रिया का बैग उतार लिया और अपना बैग ट्रेन में छोड़ दिया। सूचना पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में संयुक्त टीम बनाई गई। टीम में शामिल आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल के प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, उपनिरीक्षक जसवीर सिंह तथा अपराध शाखा लखनऊ के निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह और उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह यादव ने पैसेंजर डेटा से सहयात्री का मोबाइल और पता निकाला। बैग ओमकार पुत्र लच्छा राम, ग्राम गोंडा देवरिया, थाना रामपुर मथुरा, जिला सीतापुर के पास मिला। टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों बैग बरामद कर लिए। सुप्रिया शबनम के बैग में जेवरात, कपड़े, नकदी व बैग मिलाकर 5 लाख 36 हजार रुपये का सामान था। ओमकार के बैग में जेवर, कपड़े और बैग की कीमत 25 हजार रुपये थी। कुल 5 लाख 56 हजार का सामान सुरक्षित मिला। दोनों पक्षों को गुरुवार दोपहर आरपीएफ पोस्ट बुढ़वल बुलाया गया।

प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार ने पहचान व सामान की तसल्ली के बाद दोनों बैग असली मालिकों को सौंप दिए। यात्रियों ने आरपीएफ का आभार जताया। आरपीएफ ने यात्रियों से उतरते समय अपना बैग पहचान कर उतारने की अपील की। सामान छूटने पर हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को तुरंत सूचित करें। इस त्वरित कार्रवाई की रेल प्रशासन ने सराहना की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी