होली पर शाही गुझिया की धूम, सोने-चांदी से सजी मिठास ने बढ़ाई बाजार की रौनक
कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। होली के रंगों के साथ इस बार बाजारों में मिठास भी शाही अंदाज में नजर आ रही है। पारंपरिक गुझिया अब सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं रही, बल्कि उसमें लग्जरी और सेहत का तड़का भी जुड़ गया है। शहर के मिठाई बाजारों में सोने-चांदी की परत से सजी गुझिया लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है, वहीं शुगर फ्री और गुड़ से बनी गुझिया भी तेजी से बिक रही हैं।
होली के त्योहार से पहले शहर के बाजारों में मिठाइयों की दुकानों पर खास रौनक देखने को मिल रही है। इस बार गुझिया के कई प्रीमियम और हेल्दी वैरायटी बाजार में उतारी गई हैं। सोने की परत से सजी गोल्डन गुझिया 31 हजार रुपये प्रति किलो में बिक रही है, जबकि चांदी की वर्क वाली सिल्वर गुझिया 2100 रुपये प्रति किलो में उपलब्ध है।
स्वास्थ्य के प्रति जागरूक ग्राहकों के लिए शुगर फ्री और गुड़ से बनी गुझिया भी तैयार की गई हैं, जिनकी कीमत 1000 से 1500 रुपये प्रति किलो के बीच है। इसके अलावा केसरिया और अंजीर की गुझिया की भी बाजार में जबरदस्त मांग बनी हुई है।
मिठाई दुकानदार गौरव ने सोमवार को बताया कि इस बार लोगों का रुझान पारंपरिक स्वाद के साथ-साथ प्रीमियम और हेल्दी विकल्पों की ओर बढ़ा है। उन्होंने कहा कि त्योहार पर गिफ्ट देने के लिए भी लोग महंगी और खास वैरायटी की गुझिया पसंद कर रहे हैं।
खरीदारी करने आए ग्राहक संदीप ने बताया कि हर साल साधारण गुझिया लेते थे, लेकिन इस बार कुछ नया ट्राय करने के लिए केसरिया गुझिया खरीदी है। वहीं ग्राहक राकेश ने कहा कि परिवार में डायबिटीज के मरीज होने की वजह से शुगर फ्री गुझिया लेना बेहतर विकल्प लगा।
कुल मिलाकर इस बार होली पर बाजारों में मिठास के साथ शान और सेहत का संगम देखने को मिल रहा है, जिससे खरीदारी में खास उत्साह नजर आ रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

