रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
औरैया, 16 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के पुर्वापट्टी गांव में बीती रात खेत की जुताई के दौरान पैर फिसलने से रोटावेटर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से पूरे गांव में मातम छाया हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुर्वापट्टी निवासी करीब 20 वर्षीय सुधांशु बीती रात गांव के ही सूरज के साथ खेत की जुताई करने गया था। इसी दौरान सूरज को प्यास लगी तो उसने सुधांशु से ट्रैक्टर चलाने के लिए कहा। बताया जाता है कि चलते ट्रैक्टर पर चढ़ते समय सुधांशु का पैर फिसल गया और वह रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन रोने-बिलखने लगे। हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विनेश कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

