home page

युवा संवाद कार्यक्रम : राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन

 | 
युवा संवाद कार्यक्रम : राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन


युवा संवाद कार्यक्रम : राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर हुआ मंथन


देवरिया, 01 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सदर खंड अंतर्गत

फुलवरिया स्थित उर्मिला विद्या मंदिर में मंगलवार को युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “युवा का राष्ट्र निर्माण में योगदान” रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के जिला प्रचार प्रमुख पुष्पराज तिवारी ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होती है। युवाओं के विचार, ऊर्जा और संकल्प से ही समाज और देश का भविष्य निर्धारित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रहित की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। युवा अपनी प्रतिभा, परिश्रम और क्षमता का सदुपयोग कर समाज के विकास और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने वक्ता के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरा वातावरण प्रेरणा, अनुशासन और राष्ट्रभावना से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम के संयोजक ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी तथा सह संयोजक राजेश मिश्र रहे। इस अवसर पर जिला मार्ग प्रमुख नितेश तथा जिला मंत्री रामसिंह, विश्व हिंदू परिषद सहित अनेक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आयोजकों के अनुसार, ऐसे युवा संवाद कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है, ताकि युवा आगे चलकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभा सकें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक