home page

रोहित मिश्रा ने संभाली भाजयुमो की कमान,बोले भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित

 | 
रोहित मिश्रा ने संभाली भाजयुमो की कमान,बोले भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित


रोहित मिश्रा ने संभाली भाजयुमो की कमान,बोले भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित


लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इससे पूर्व वह 1090 चौराहे से पार्टी मुख्यालय तक हजारों युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं और युवाओं के साथ भव्य जुलूस के रूप में पहुंचे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

उन्होंने सपा व कांग्रेस पर बयान देते हुए कहा कि वे जातिवाद से तोडे़गे-हम राष्ट्रवाद से जोड़ेगे।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वे जाति का गणित लेकर आएंगे, लेकिन हम विकास का हिसाब लेकर जनता के बीच जाएंगे। वे जातिवाद के नाम पर समाज को बांटने का काम करेंगे, जबकि भाजपा राष्ट्रवाद के सूत्र में समाज को जोड़ने का कार्य करेगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ मैदान में उतरेगा तथा भाजपा की प्रचंड विजय सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को आगे आकर जन-जन तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचानी होंगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेटियां सुरक्षित हैं, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई हो रही है तथा युवाओं को बिना भेदभाव योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने सभी युवा कार्यकर्ताओं से 2027 के चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया।

युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा ने हमेशा राष्ट्रहित और संगठन हित को सर्वाेपरि रखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का युवा कार्यकर्ता केवल चुनावी कार्यकर्ता नहीं बल्कि समाज परिवर्तन का वाहक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रोहित मिश्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा संगठनात्मक विस्तार, वैचारिक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को नई गति देगा।

युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा केवल एक संगठन नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा के नेतृत्व में युवा मोर्चा नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन