पिकअप की टक्कर से बालक की मौत,भीड़ ने चालक को पकड़ पुलिस को सौंपा
फर्रुखाबाद, 22 अगस्त (हि .स.)।थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम भुड्डनपुर की मड़ैया के सामने इटावा-बरेली हाईवे पर शनिवार को पिकअप की टक्कर से 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मृतक के पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
भुड्डनपुर निवासी महावीर सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव में बाढ़ का पानी भरा होने के कारण उनका 11 वर्षीय पुत्र अनूप गांव के सामने इटावा-बरेली हाईवे के किनारे शौच के लिए गया था।
इसी दौरान पांचाल घाट की ओर से हुल्लापुर की तरफ जा रही पिकअप ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अनूप को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन घायल अनूप को तत्काल लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे तिर्वा-कन्नौज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में अनूप ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची राजेपुर पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। मृतक के पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अनूप दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सिद्धार्थ अभी महज दो वर्ष का है। बेटे की मौत की खबर से मां रीता और अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह ने बताया कि चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

