home page

सड़क सुरक्षा की बैठक में अवैध, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश

 | 
सड़क सुरक्षा की बैठक में अवैध, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश


बागपत, 21 मई (हि.स.)। बागपत जिलाधिकारी अस्मिता लाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में वृहस्पतिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। जिसमें सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित डग्गामार वाहनों के खिलाफ नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो स्कूल संचालक क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर वाहनों का संचालन कर रहे हैं, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने वाहन स्टैंडों का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट किए जाने के निर्देश भी दिए। वहीं, सड़क किनारे स्थित स्कूलों में छुट्टी के समय पुलिस ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने ओवरलोड और अवैध वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के भी निर्देश दिए हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने ट्रैफिक और रोडवेज अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे एवं सार्वजनिक स्थानों पर अनियमित रूप से बसें खड़ी न होने दी जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सम्बंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में एनएचआई अधिकारियों को प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट सुचारु रखने और अवैध स्टैंडों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए मल्टी लेवल पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी अतुल कुमार, एआरटीओ विपिन कुमार, पीटीओ संदीप जायसवाल सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी