home page

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी के कड़े तेवर, बोले- स्कूली बसों के संबंध में मानकों का पालन हो

 | 
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी के कड़े तेवर, बोले- स्कूली बसों के संबंध में मानकों का पालन हो


मुरादाबाद, 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में जिलाधिकारी अनुज सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी आनंद निर्मल ने बताया कि जनपद में करीब 900 स्कूली बसें हैं जिनके सापेक्ष करीब 400 बसों की भौतिक स्थिति का सत्यापन कर लिया गया है और सत्यापन प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए हैं कि स्कूली बसों के संबंध में मानकों का गंभीरता पूर्व पालन होना चाहिए।

सड़क सुरक्षा की बैठक के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हाल के दिनों में मुरादाबाद शहर में गुलाब बाड़ी और फव्वारा चौराहे पर रोडवेज बसों से घटित दुर्घटनाओं के कारणों के संबंध में रोडवेज अधिकारियों से जानकारी ली।

जिलाधिकारी अनुज सिंह ने वर्ष 2026 में रोडवेज बसों से हुई दुर्घटनाओं और उनसे संबंधित वाहन चालकों के संबंध में विवरण भेजने के लिए रोडवेज के अधिकारियों को निर्देशित किया।

पुलिस अधीक्षक यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि रामपुर दोराहे पर रोडवेज बसें रोक कर सवारियां बैठाने की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न होती है तथा अन्य लोगों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि रोडवेज बस की वजह से जाम की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए, निर्धारित स्थान पर ही सवारियां बैठाई और उतारी जाएं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल