home page

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

 | 

अमेठी, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र के चक बहेर गांव के पास शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान पवन कुमार निवासी कंजाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन कुमार अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया । हादसा इतना भीषण था कि पवन कुमार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कर दुर्घटना की सूचना परिजनों को दिया। युवक की असामयिक मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है।

भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने के प्रभारी अजयेंद्र पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी