ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार बहन की मौत, भाई घायल
प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित मेजा थाना क्षेत्र के लेहड़ी गांव के समीप शुक्रवार को ट्रैक्टर की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार बहन की मौत हो गई। हादसे में उसका भाई घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में मेजा थाना क्षेत्र के लेहड़ी गांव निवासी मुस्कान (22) पुत्री स्वर्गीय सुबराती की मौत हुई है। जबकि हादसे में भाई मोहम्मद इरफान घायल हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने हादसे में घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तथा मुस्कान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए परिवार के लोगों ने बताया कि अभी एक माह पूर्व मुस्कान की शादी परिवार के लोगों ने किया। वह शुक्रवार को अपने भाई के साथ मोटरसाइकिल से घर के लिए कहीं से जा रही थी। रास्ते में लेहड़ी गांव के समीप एक बेकाबू ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मुस्कान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और भाई घायल हो गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

