अज्ञात वाहन ने ड्यूटी जा रहे दो दोस्तों को रौंदा, मौत
कानपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
चकेरी थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतकों की पहचान सचेंडी के कटरा भैंसोर निवासी सागर कमल (22) और आलोक कमल (24) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सागर और आलोक गहरे दोस्त थे और पहले दिल्ली में भी साथ काम कर चुके थे। करीब एक साल पहले दोनों नौकरी छोड़कर कानपुर लौट आए थे। दोनों सीओडी के पास स्थित आर्मी कैंप में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। रोजाना एक ही बाइक से ड्यूटी पर जाते थे।
रविवार सुबह दोनों हेलमेट पहनकर करीब साढ़े चार बजे घर से निकले थे। फ्लाईओवर पर पहुंचते ही किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन और चालक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

