home page

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक छात्र समेत दो की मौत

 | 
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक छात्र समेत दो की मौत


बांदा, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बाबूपुर गांव के पास बुधवार शाम करीब पांच बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग और 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पोंगरी गांव निवासी 65 वर्षीय जुगल किशोर मिश्र अपने गांव के ही 40 वर्षीय बबलू आरख के साथ मोटरसाइकिल से करतल की ओर जा रहे थे। वहीं, गौर शिवपुर निवासी 28 वर्षीय अवधेश यादव अपनी बहन बसंती (38), भांजी संतोषी (13) और भांजे अंकुल (11) को लेकर करतल से नरैनी की ओर आ रहे थे, तभी करतल क्षेत्र के बाबूपुर गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई जिसमें दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा, करतल चौकी प्रभारी अनिल साहू, एसआई राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया।

हादसे में जुगल किशोर मिश्र और 11 वर्षीय अंकुल यादव को गंभीर चोटें आईं। जिन्हें डॉ. मनीष ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जबकि बबलू आरख, अवधेश यादव, बसंती यादव और संतोषी यादव की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उक्त घटना की जानकारी नरैनी कोतवाली प्रभारी भास्कर मिश्रा ने दी।

परिजनों के अनुसार मृतक अंकुल यादव जूनियर हाईस्कूल में कक्षा आठ का छात्र था। वह दो भाइयों और एक बहन में शामिल था। उसके पिता विजय शंकर यादव खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह