फ्लाईओवर के मोड़ पर बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक की मौत
कानपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। कैंट थाना क्षेत्र के सेतु टंडन फ्लाईओवर पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक मोड़ पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। टक्कर के दौरान युवक बाइक से उछलकर सुरक्षा रेलिंग पर जा लटका, जिससे उसकी जान बच गई।
फेथफुलगंज निवासी मोहम्मद अफजल (26) फूलबाग में चाऊमीन की दुकान चलाता था। आज वह अपने दोस्त मंशन के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोनों पंडित होटल की ओर से सेतु टंडन फ्लाईओवर पर पहुंचे थे। मोड़ पर अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अफजल बाइक से उछलकर फ्लाईओवर की सुरक्षा रेलिंग पर जा लटका, जबकि मंशन नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देखकर राहगीर मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घायल मंशन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं अफजल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही अफजल के परिवार में मातम छा गया। उसकी बड़ी बहन रिजवाना ने बताया कि परिवार में मां रोशन आरा, भाई अलीमुद्दीन और छोटी बहन अशफिया हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि मंशन का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि अफजल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

