home page

कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत

 | 
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत


कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में रेलबाजार थाना क्षेत्र स्थित सीओडी पुल पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी लेन में पहुंच गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की।

मृतक की पहचान चकेरी के गांधीग्राम निवासी बाबू सिंह (78) के रूप में हुई है। हादसे के समय कार में प्रेमचंद्र गुप्ता, उनकी पत्नी रेखा, दामाद दिलीप ओमर, बेटी शिल्पी और एक बच्ची सवार थी। दुर्घटना में प्रेमचंद्र, रेखा और दिलीप घायल हो गए, जबकि शिल्पी और बच्ची को मामूली चोटें आईं।

सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने रेखा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे के बाद पुल पर करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई। कार के दूसरी लेन में पहुंचने से दोनों तरफ का यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और वाहनों का आवागमन सुचारु कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक से टक्कर होने के बाद कार अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई। इससे सामने से आ रहे कई वाहन सवार भी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारु करा दी गई है।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप