home page

सड़क किनारे सो रहे लोगों को बेकाबू लोडर ने कुचला, हादसे में एक रोडवेज बस चालक की मौत

 | 
सड़क किनारे सो रहे लोगों को बेकाबू लोडर ने कुचला, हादसे में एक रोडवेज बस चालक की मौत


फर्रुखाबाद, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में कायमगंज थाना क्षेत्र में लोडर चालक ने शनिवार को सड़क किनारे सो रहे रोडवेज के संविदा चालक को कुचल दिया, उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि उसका साथी घायल हो गया। घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के बाद चालक लोडर छोड़ फरार हो गया।

फैजबाग चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि एक लोडर डीजे म्यूजिक सिस्टम का सामान भर कर फैजबाग से कादरी गेट क्षेत्र जा रहा था। चालक सुबह करीब 4:30 बजे कायमगंज मार्ग के ग्राम उलियापुर से गुजर रहा था, उसी समय नींद का झपकी आ जाने पर बेकाबू लोडर सड़क से काफी दूर सो रहे लोगों को कुचल दिया। हादसा होते ही चालक व लोडर सवार लोग भाग गए। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। जिन्होंने लोडर को उठाकर नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला।

इस हादसे में गांव के सड़क किनारे सो रहे फर्रुखाबाद डिपो में संविदा बस चालक रामू यादव (34) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दुकान के पास सो रहा पड़ोसी शिवम यादव (27) पुत्र विनोद घायल हो गया। घायल को एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद मृतक रामू की पत्नी लक्ष्मी आदि परिवार की महिलाएं मौके पर बिलखने लगी।

प्रधान गोपी यादव ने बताया कि कादरी के क्षेत्र निवासी निखिल मिश्रा भाड़े पर डीजे चलाते हैं। चालक को नींद आ जाने के कारण डीजे से लदा उनका लोडर बेकाबू होकर सड़क से करीब 20 फुट अंदर तक चला गया था, जिससे यह हादसा हुआ है।

चौकी इंचार्ज ने बताया कि मृतक रामू के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने ताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar