कार की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत
बाराबंकी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-गोंडा हाईवे पर रविवार शाम सड़क पार कर रहे एक साइकिल सवार वृद्ध को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल वृद्ध को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रामनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे ने बताया क्षेत्र के ग्राम बरियारपुर निवासी विजय (60)पुत्र आज करीब चार बजे साइकिल से बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। बताया जाता है कि जब वह ब्लॉक मुख्यालय के निकट डिवाइडर में बने कट से हाईवे पार करने लगे, तभी बाराबंकी की ओर से सवारियां लेकर कैसरगंज जा रही तेज रफ्तार ओला कार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वृद्ध साइकिल वृद्ध दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। वहीं चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस के जरिए गंभीर रूप से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

